खैरना/गरमपानी। लगातार हो रही बारिश ने कुमाऊं की सबसे महत्वपूर्ण सड़क भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा खतरा खड़ा कर दिया है। रामगढ़ के पास शिप्रा नदी के तेज कटाव से सड़क का करीब तीन मीटर हिस्सा नदी में समा गया, जबकि सड़क की प्रोटेक्शन वॉल भी ढह गई। इससे पुल से पहले लगभग 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है।
फिलहाल प्रशासन ने क्षतिग्रस्त स्थान पर करीब पांच मीटर चौड़े हिस्से से ही वाहनों की आवाजाही शुरू रखी है। हालांकि लगातार बारिश और भारी वाहनों के दबाव से सड़क के और धंसने का खतरा बना हुआ है।
यह राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ समेत पूरे कुमाऊं की जीवनरेखा माना जाता है। यदि सड़क पूरी तरह बाधित होती है तो हजारों यात्रियों की आवाजाही, पर्यटन, व्यापार, फल-सब्जियों की ढुलाई और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ सकता है।
एनएच विभाग के सहायक अभियंता (AE) प्रकाश रौतेला ने बताया कि रामगढ़ पुल पूरी तरह सुरक्षित है। केवल सड़क की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हुई है, जिसके पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षात्मक कार्य अगले दो से तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एनएच विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का निरीक्षण किया। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।