
मुख्यमंत्री धामी ने जारी किए 111.82 करोड़ रुपये, समाज कल्याण योजनाओं को बताया अंत्योदय का आधार
बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पेंशनर्स के लिए अप्रैल माह की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से जारी की। इस दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7 लाख 56 हजार 682 पेंशनर्स को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
इस राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों तक समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार बहुउद्देशीय कैंप लगाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का परिणाम है कि हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर उनकी सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग को नवाचार अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि विभाग अपनी बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य विभागों के साथ भी साझा करे। साथ ही कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार हर जरूरतमंद व्यक्ति का ध्यान रख रही है तथा पेंशन योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चंद्र समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।