स्कूलों में बनेंगे बुक बैंक और डिजिटल लाइब्रेरी, शिक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश के सभी शासकीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं।

बैठक में मुख्य सचिव ने स्कूलों में बुक बैंक स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अपनी पुस्तकें बुक बैंक में जमा करेंगे, जिन्हें अगले सत्र में अन्य विद्यार्थियों को वितरित किया जा सकेगा। इससे हर वर्ष नई किताबें छपवाने पर होने वाला करोड़ों रुपये का खर्च कम होगा। जो पुस्तकें खराब हो जाएंगी या वापस नहीं मिल पाएंगी, उनकी पूर्ति नई मांग के अनुसार की जाएगी।

मुख्य सचिव ने क्लस्टर विद्यालयों में कक्षा कक्षों और छात्रावास भवनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इसके लिए नाबार्ड से फंडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने विद्यालयों में शौचालयों की साफ-सफाई को लेकर स्थायी व्यवस्था विकसित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों को सफाई के लिए प्रभावी मैकेनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही इसके लिए अलग से फंडिंग की व्यवस्था करने को भी कहा।

बैठक में स्कूलों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने पर भी बल दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकों तक पहुंच मिलेगी और उनके ज्ञान में वृद्धि होगी।

इस अवसर पर सचिव रविनाथ रामन, निदेशक माध्यमिक शिक्षा मुकुल कुमार सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!