
अल्मोड़ा। नगर की यातायात व्यवस्था में विद्यालयों के बदले हुए समय के अनुसार आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजीव गुरुरानी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि एन.टी.डी. फायर स्टेशन से शिखर होटल तिराहे तक विद्यालयी समय में यातायात प्रतिबंधित रहता है, लेकिन बढ़ती गर्मी के चलते शासन द्वारा विद्यालयों के समय में परिवर्तन कर दिया गया है। पहले विद्यालय प्रातः 9 बजे से संचालित होते थे, जबकि अब सुबह लगभग 7 बजे से लग रहे हैं। ऐसे में वर्तमान यातायात व्यवस्था में भी बदलाव आवश्यक हो गया है।
शिष्टमंडल ने मांग की कि विद्यालयों के नए समय के अनुरूप यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों और अभिभावकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन में जी.आई.सी. स्कूल के समीप बनाई गई दोपहिया वाहन पार्किंग व्यवस्था को सफल बताते हुए प्रशासन से नव निर्मित भैरव मंदिर के पास स्थित दोपहिया वाहन पार्किंग तथा के.एम.ओ. पार्किंग को भी शीघ्र शुरू करने की मांग की गई, जिससे नगर की यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारु हो सके।
इसके अलावा माल रोड पर रात्रि 8 बजे खुलने वाली यातायात व्यवस्था का समय बढ़ाकर 8:30 बजे किए जाने का अनुरोध भी किया गया। शिष्टमंडल का कहना था कि गर्मी के कारण शाम के समय बाजारों में अधिक भीड़ रहती है, जिससे 8 बजे के आसपास जाम की स्थिति बन जाती है और स्थानीय लोगों व व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
शिष्टमंडल ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, जगत कनवाल, मदन बिष्ट, विनोद जोशी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।