
पिथौरागढ़ । नियमों को ताक पर रखकर स्कूटी का रंग बदलना और बिना लाइसेंस सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी सीज कर दी और युवक पर 16 हजार रुपये का चालान ठोक दिया।
जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी ऐचोली उ0नि0 कमलेश जोशी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक युवक खतरनाक तरीके से स्कूटी दौड़ाता नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच में पता चला कि युवक के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन के वैध कागजात। इतना ही नहीं, स्कूटी का मूल रंग लाल था, जिसे बदलकर काला कर दिया गया था, जबकि वाहन के दस्तावेजों में रंग परिवर्तन दर्ज नहीं कराया गया था।
नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूटी सीज कर दी और युवक पर 16 हजार रुपये का चालान लगाया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। बिना लाइसेंस, बिना दस्तावेज और वाहन में अवैध बदलाव कर सड़क पर चलना न सिर्फ कानूनन अपराध है, बल्कि हादसों को भी न्योता देता है।