
रानीखेत (अल्मोड़ा)। युवा कल्याण विभाग के दर्जा राज्य मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार रानीखेत पहुंचे कुंदन लटवाल का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार और भव्य स्वागत किया। नगर में उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल के नेतृत्व में शिव मंदिर परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ दर्जा मंत्री का अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में कुंदन लटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के कल्याण, रोजगार और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा एक युवा, ऊर्जावान और समर्पित कार्यकर्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित कार्यशैली का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुंदन लटवाल के अनुभव और सक्रियता का लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, जिला महामंत्री ध्यान सिंह नेगी, प्रदेश मंत्री विमला रावत, दीप भगत, मोहन नेगी, गिरीश भगत, नीरज तिवारी, रमेश खनायत, गणेश राम, उमेश पंत, अजय चौहान, पुष्पा तिवारी, आकांक्षा रावत, जगदीश अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।