
रानीखेत। अल्मोड़ा जिले की रानीखेत तहसील के दूरस्थ तितालीखेत क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार इंडीवर कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब ग्रामीणों ने सड़क किनारे डिवाइडर टूटा हुआ देखा। नीचे गहरी खाई में एक क्षतिग्रस्त इंडीवर कार (सीएच 01 सीबी 5868) दिखाई देने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना बिनसर क्षेत्र में सौनी से करीब पांच किलोमीटर दूर तितालीखेत-चमड़खान मोटर मार्ग पर हुई।
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार देर रात हुआ प्रतीत होता है। मृतकों में एक की पहचान हल्द्वानी के बिठोरिया नंबर-एक निवासी 36 वर्षीय जीवन जोशी, पुत्र पूरन चंद्र जोशी, के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय रानीखेत भेज दिया है। एसआई कैलाश चंद्र ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा उनके पहुंचने के बाद दूसरे युवक की पहचान होने की संभावना है।
नायब तहसीलदार राजेंद्र अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने का प्रतीत हो रहा है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।